नीमच। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत प्राप्त शिकायतों एवं जनसमस्याओं का संतुष्टिपूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लोक सेवा प्रदाय गारंटी अधिनियम एवं सीएम हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों के निराकरण को अभियान में सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने खराब ट्रांसफार्मर, खराब हैंडपंप, 108 एंबुलेंस सेवा तथा विद्यालयों से ड्रॉपआउट बच्चों से संबंधित शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने को कहा। उन्होंने कहा कि शासन की सेवाओं, योजनाओं एवं संस्थाओं का लाभ आमजन तक सहज, सरल और समय पर पहुंचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण समाधान होने से आमजन का शासन और प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत होगा। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शासन स्तर से लगभग 50 बिंदु निर्धारित किए गए हैं।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले के सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित बिंदुओं के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करते हुए उन्हें शासन की विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।