चित्तौड़गढ़। इनर व्हील क्लब चित्तौड़गढ़ द्वारा सिटी गर्ल्स स्कूल में बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता एवं अंगदान जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
“मजबूत बालिकाएं, उज्ज्वल सोच, बेहतर भविष्य” विषय पर आयोजित स्वास्थ्य एवं पोषण कार्यशाला में पोषण विशेषज्ञ एवं आहार विशेषज्ञ अनुष्री सिंह ने करीब 700 छात्राओं एवं 5 शिक्षिकाओं को संतुलित आहार, शारीरिक स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता एवं पीसीओडी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। इस अवसर पर आहार विशेषज्ञ की सलाह पर छात्राओं को केले वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अंगदान पखवाड़े के तहत “हरी रिबन, जीवन का उपहार” अभियान भी चलाया गया। इसके अंतर्गत करीब 700 छात्राओं को अंगदान के महत्व और जरूरतमंदों का जीवन बचाने में इसकी भूमिका के बारे में जागरूक किया गया। छात्राओं की कलाई पर हरी रिबन बांधकर उन्हें अंगदान जागरूकता का संदेश आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
क्लब अध्यक्ष रितु पोखरना ने कहा कि बालिकाओं को सही स्वास्थ्य जानकारी देना उनके बेहतर भविष्य की नींव तैयार करता है। सचिव डॉ. रेनू सोमानी ने कहा कि समाज में जागरूकता फैलाने के लिए छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव का माध्यम बन सकते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सिटी गर्ल्स स्कूल की प्राचार्या श्रीमती चंद्रकांता राठौड़ एवं समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष रितु भोजवानी, आईपीपी सुनीता सिसोदिया, पूर्व अध्यक्ष नीता सावंत, मोनिका तोषनीवाल, एग्जीक्यूटिव सदस्य इंदुबाला उपाध्याय, डॉ. रसना अग्रवाल, शकुंतला जैन, उमा न्याती, नीलम पाटनी, राजश्री काबरा एवं डॉ. दर्शना मेहता सहित क्लब की सदस्याएं उपस्थित रहीं।