कुकडेश्वर नीमच। गायत्री शक्तिपीठ नीमच द्वारा भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन रविवार, 9 अगस्त 2026 को गायत्री शक्तिपीठ, नीमच में किया गया। समारोह में परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर कुकड़ेश्वर की छात्रा कुमकुम पिता बंटी गोस्वामी ने भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में नीमच जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर कुकड़ेश्वर का नाम गौरवान्वित किया। कुमकुम की इस शानदार उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों एवं नगरवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक एवं पालक तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। समारोह में विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, संस्कार, नैतिक मूल्यों एवं अपनी गौरवशाली परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया गया।
आयोजकों ने कहा कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के प्रति जागरूकता पैदा करना है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनमें संस्कार और नैतिक मूल्यों का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कुमकुम द्वारा जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर कुकड़ेश्वर क्षेत्र में भी खुशी का माहौल रहा और नगरवासियों ने उनकी इस उपलब्धि को गौरवपूर्ण बताया।