खरगोन। शहर के जैतापुर थाना क्षेत्र के बजरंग नगर में सोमवार को 23 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला को ससुराल पक्ष के लोग बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान श्वेता पति अजय सागोरे (23) निवासी बजरंग नगर, जैतापुर के रूप में हुई है। बताया गया कि सोमवार दोपहर करीब 2 बजे उसे जिला अस्पताल लाया गया था।
मृतका के पिता करण देवले, निवासी लोहारी, ने बताया कि उनकी बेटी ने करीब चार साल पहले अजय सागोरे से प्रेम विवाह किया था। घटना के बाद मायके पक्ष ने बेटी की मौत को लेकर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। परिजनों का आरोप है कि श्वेता ने फांसी नहीं लगाई, बल्कि उसकी हत्या की गई है।
वहीं जैतापुर थाना प्रभारी सुदर्शन कलोसिया ने बताया कि पुलिस को विवाहिता द्वारा घर में फांसी लगाने की सूचना मिली थी। ससुराल पक्ष के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मायके और ससुराल पक्ष के बयान दर्ज करने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।