नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ एवं राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में महाविद्यालय परिसर में तिरंगा रैली एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी, महाविद्यालय के स्टाफ एवं छात्राओं द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के गायन के साथ हुई। इसके बाद छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ रैली निकाली। रैली में छात्राओं एवं महाविद्यालय स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इसके साथ ही छात्राओं के लिए ‘स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सपने और वर्तमान भारत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसमें बीए प्रथम वर्ष की नित्या पारीक ने प्रथम, दीपिका ने द्वितीय तथा खनक चौहान एवं रीना राठी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम प्रभारी डॉ. बीना चौधरी ने बताया कि आयोजन की श्रृंखला में 12 अगस्त को सेल्फी डे एवं रंगोली प्रतियोगिता, 13 अगस्त को महाविद्यालय में छात्राओं के लिए स्वास्थ्य परीक्षण तथा 14 अगस्त को म्यूजिक कॉन्सर्ट का आयोजन किया जाएगा।