नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन के निर्देशानुसार मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने करीब 48 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को शिकायतों के शीघ्र एवं निष्पक्ष निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के साथ सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर भी आयोजित किया गया। इसमें सीएम हेल्पलाइन के लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 18 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद करवाया गया।
एसपी राजेश व्यास ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से संबंधित शिकायतों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित अन्य प्रकरणों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में समय-समय पर जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।
शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीओपी जावद हर्ष राठौर, एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा निकीता सिंह, प्रशिक्षु डीएसपी दिव्या चंद्रवंशी सहित जिले के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी एवं संबंधित शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।