नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रोटरी क्लब के सहयोग से 13 अगस्त को विविध स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। रोटरी क्लब अध्यक्ष युजवेंद्र सिंह भाटिया, सचिव अभिषेक शर्मा एवं कोषाध्यक्ष अंतिमा भाटिया के प्रयासों से आयोजित इस शिविर में छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा व्यक्तिगत परामर्श दिया जाएगा।
शिविर में शहर की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुजाता गुप्ता, डॉ. शोमिता मेहता, डॉ. प्रियंका कदम, डॉ. प्रियंका जोशी एवं डॉ. मनीषा चमड़िया सेवाएं देंगी। दंत परीक्षण के लिए डॉ. निरूपा झा, डॉ. सोनल पंडित, डॉ. अलिफिया बूटवाला, डॉ. मानसी यादव एवं डॉ. अलिफिया सादड़ीवाला मौजूद रहेंगी।
नेत्र परीक्षण के लिए गोमाबाई नेत्रालय की टीम, मनोवैज्ञानिक परामर्श के लिए एलेना भंडारी तथा रक्त परीक्षण के लिए रेडक्रॉस की चिकित्सा टीम उपस्थित रहेगी। रक्त जांच में शुगर, ब्लड ग्रुप, हीमोग्लोबिन एवं रक्तचाप सहित आवश्यक जांचें की जाएंगी।
महाविद्यालय की ओर से शिविर में शामिल प्रत्येक छात्रा का आरोग्य प्रमाण पत्र भी तैयार किया जाएगा। प्राचार्य ने सभी छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शिविर का लाभ लेने की अपील की है।