नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा समीक्षा बैठक में शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों, सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान और राजस्व प्रकरणों सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि विभाग प्रमुख लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें और निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करें। 50 दिवस से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि शिकायत का समाधान केवल पोर्टल पर दर्ज करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि आवेदक की संतुष्टि के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निराकरण होना चाहिए।
बैठक में जनसुनवाई और मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान से प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रकरणों की व्यक्तिगत निगरानी कर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अनावश्यक रूप से शिकायत लंबित पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
स्वास्थ्य विभाग की रैंकिंग पर जताई नाराजगी-
राज्य स्तरीय सीएम हेल्पलाइन रैंकिंग में स्वास्थ्य विभाग की 44वीं रैंक पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने 10 से नीचे रैंक वाले विभागों के प्रमुखों को शिकायतों के निराकरण और विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार के लिए व्यक्तिगत समीक्षा करने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल की 100 एवं 300 दिवस से अधिक पुरानी शिकायतों के निराकरण में देरी पर सिविल सर्जन को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
पर्यटन विकास पर भी जोर-
कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों और शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से लंबित मामलों का निराकरण करने को कहा। पर्यटन विभाग की गतिविधियों की समीक्षा के दौरान जिले में पर्यटन की संभावनाओं को चिन्हित करने, पर्यटन विकास को बढ़ावा देने तथा चीता प्रोजेक्ट के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को स्थायी एवं गैर-स्थायी कर्मचारियों का वेतन प्रत्येक माह की पहली तारीख तक भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच पराग जैन, एसडीएम जावद संजीव साहू, एसडीएम मनासा किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, मयूरी जोक, श्रुति भयड़िया सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।