चित्तौड़गढ़। ऐतिहासिक एवं आस्था के केंद्र खरडेश्वर महादेव मंदिर परिसर में मंगलवार को धार्मिक आयोजन का विधिवत समापन हुआ। इस अवसर पर मंदिर समिति एवं स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग से 300 किलो विशेष खीर के महाप्रसाद का वितरण किया गया। महाप्रसाद ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।
रुद्राभिषेक के बाद लगाया भोग-
महाप्रसाद वितरण को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। मंगलवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त में खरडेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक एवं विशेष श्रृंगार किया गया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान को खीर का भोग लगाया गया। शुद्ध घी, मावा और मेवों से तैयार 300 किलो खीर का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।
कतार में लगकर ग्रहण किया प्रसाद-
दोपहर में महाप्रसाद वितरण शुरू होते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेवा समिति के सदस्य एवं स्थानीय युवा जुटे रहे।
आयोजकों ने बताया कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश मिलता है। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा।
इनका रहा विशेष सहयोग-
आयोजन को सफल बनाने में मंदिर सेवा समिति के सदस्यों, स्थानीय नागरिकों एवं युवाओं के साथ किशन सोनी, विशाल धाकड़, नमन कुमावत, किशन शर्मा, प्रथम जागेठिया, देव शर्मा, विराट सोनी, सुजल पुनर, हर्षित सारस्वत सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा। सभी ने मिलकर श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से महाप्रसाद वितरित करवाया।