झाबुआ। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्व-सहायता समूह की दीदियों ने कलेक्टर कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज एवं समूहों द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों की आकर्षक स्टॉल लगाई, स्टॉल पर उपलब्ध राष्ट्रीय ध्वज और स्थानीय उत्पादों के प्रति अधिकारियों एवं कर्मचारियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने स्टॉल का अवलोकन कर राष्ट्रीय ध्वज एवं अन्य सामग्री की खरीदारी की इस दौरान अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी खरीदारी कर स्व-सहायता समूह की दीदियों का उत्साहवर्धन किया।
स्व-सहायता समूह की दीदियों ने डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देते हुए स्टॉल पर कैशलेस पेमेंट की सुविधा भी उपलब्ध कराई खरीदारों ने क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान किया। दीदियों की यह पहल डिजिटल लेन-देन के प्रति उनकी जागरूकता एवं आत्मनिर्भरता को प्रदर्शित करती है।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। अभियान में आजीविका मिशन की दीदियों की सहभागिता से जहां नागरिकों को आसानी से राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध हो रहे हैं, वहीं स्व-सहायता समूहों की आय में वृद्धि एवं आर्थिक सशक्तिकरण को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने घरों, दुकानों एवं प्रतिष्ठानों पर पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखते हुए ‘स्वच्छ भारत’ के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी. एस सोलंकी एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।