नीमच। कृषि विज्ञान केंद्र, नीमच में आर्या योजनांतर्गत टमाटर एवं मिर्च की संरक्षित खेती विषय पर सात दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 17 से 23 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। प्रशिक्षण में नीमच जिले के इच्छुक किसान, किसान महिलाएं एवं नवयुवक भाग ले सकेंगे।
प्रशिक्षण के दौरान टमाटर एवं मिर्च की संरक्षित खेती से संबंधित तकनीकी जानकारी, आधुनिक उत्पादन विधियों एवं खेती के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी विशेषज्ञों द्वारा दी जाएगी।
18 से 35 वर्ष आयु वाले कर सकेंगे पंजीयन-
इच्छुक प्रतिभागी कृषि विज्ञान केंद्र, मालखेड़ा रोड, नीमच स्थित कार्यालय में कार्यालयीन समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन के लिए हितग्राही की आयु 18 से 35 वर्ष तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। पंजीयन के समय पासपोर्ट साइज फोटो एवं आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।
प्रशिक्षण के लिए 100 रुपए पंजीयन शुल्क निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद यह राशि संबंधित प्रशिक्षित किसान, किसान महिला अथवा नवयुवक को वापस कर दी जाएगी।
पूर्व प्रशिक्षित प्रतिभागी नहीं होंगे पात्र-
कृषि विज्ञान केंद्र ने स्पष्ट किया है कि जिन नवयुवकों अथवा किसान भाई-बहनों ने पूर्व में आर्या योजनांतर्गत टमाटर एवं मिर्च की संरक्षित खेती विषय पर प्रशिक्षण प्राप्त किया है, वे इस सत्र में इसी विषय के प्रशिक्षण के लिए पात्र नहीं होंगे।
प्रशिक्षण एवं पंजीयन संबंधी अधिक जानकारी के लिए 6265990752, 9424530721 (डॉ. पी.एस. नरुका), 9424530725 (डॉ. एस.एस. सारंगदेवोत), 9425335412 (डॉ. शिल्पी वर्मा) एवं 9516963254 (डॉ. जे.पी. सिंह) पर संपर्क किया जा सकता है।