चित्तौड़गढ़। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की 16 अगस्त को जिले में प्रस्तावित यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने मंगलवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर यात्रा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की और सभी संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रस्तावित यात्रा को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और उन्हें सौंपे गए दायित्वों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें। बैठक में कार्यक्रम स्थल, आवागमन, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा, स्वच्छता, बैठक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विभागवार समीक्षा की गई।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियों को समय रहते अंतिम रूप दिया जाए और किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहे। संबंधित अधिकारी अपने-अपने विभाग की व्यवस्थाओं का व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे हों।
जिला कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय गृह मंत्री की प्रस्तावित यात्रा जिले के लिए महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। ऐसे में सभी अधिकारी पूर्ण गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। साथ ही यातायात एवं कानून-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाएं भी प्रभावी और सुचारू रहनी चाहिए।
बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की तैयारियों एवं कार्ययोजना की जानकारी दी। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा से संबंधित सभी तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कर इसकी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।