माउंट आबू। तीर्थनगरी माउंट आबू में दशा माता का 10 दिवसीय महोत्सव आज से शुरू हो गया। गुजरात, राजस्थान सहित देश के कई हिस्सों में श्रद्धा से पूजी जाने वाली दशा माता के इस महोत्सव को लेकर महिलाओं और युवतियों में खासा उत्साह नजर आया। सुबह से ही रामलीला मैदान में दशा माता की प्रतिमाएं खरीदने के लिए महिलाओं की भीड़ जुटी रही।
महोत्सव के तहत आज सुबह 10 बजे के बाद घरों और विभिन्न पंडालों में विधि-विधान से दशा माता की प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। अगले 10 दिनों तक माता की नियमित पूजा-अर्चना होगी। प्रतिदिन माता का अलग-अलग स्वरूपों में श्रृंगार किया जाएगा और प्रसाद व विभिन्न पकवानों का भोग लगाया जाएगा।
महिलाओं और युवतियों ने बताया कि माता की स्थापना के बाद पंडालों और घरों के बाहर गरबों का आयोजन भी किया जाएगा। दस दिनों तक श्रद्धालु भक्ति और आस्था के साथ माता की आराधना करेंगे।
महोत्सव के दसवें दिन दशा माता की प्रतिमाओं के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद तालाब में विधि-विधान और श्रद्धा के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
दशा माता महोत्सव को लेकर माउंट आबू में सुबह से ही उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में महिलाएं रामलीला मैदान पहुंचकर माता की प्रतिमाएं खरीद रही हैं। आयोजन को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।