मंदसौर। मंदसौर से सुवासरा तथा सीतामऊ से दीपाखेड़ा तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण के लिए बजट में किए गए प्रावधान को अपर्याप्त बताते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है। उन्होंने बढ़ते यातायात दबाव और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए दोनों परियोजनाओं के लिए प्राथमिकता के आधार पर पर्याप्त बजट स्वीकृत करने की मांग की है।
सिसौदिया ने पत्र में बताया कि मंदसौर से सुवासरा तक करीब 65 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग के लिए वर्ष 2025-26 के बजट में 172 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। वहीं सीतामऊ से लदूना होते हुए दीपाखेड़ा तक करीब 11 किलोमीटर सड़क के लिए 27 करोड़ रुपए का प्रावधान है। उनके अनुसार विभाग द्वारा दोनों फोरलेन परियोजनाओं के लिए प्रथम दृष्टया करीब 2300 करोड़ रुपए की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की गई है, जबकि बजट में दोनों कार्यों के लिए करीब 199 करोड़ रुपए ही प्रावधानित किए गए हैं।
बढ़ते यातायात से दुर्घटनाओं की चिंता-
सिसौदिया ने कहा कि दोनों सड़क मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण और व्यस्त हैं। ये मार्ग दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तथा गरोठ-उज्जैन फोरलेन से जुड़े हुए हैं। प्रस्तावित सड़क परियोजना में करीब छह स्थानों पर बायपास के साथ सोमली, तुम्बड़ और चंबल नदियों पर बड़े पुलों का निर्माण भी प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि उज्जैन-गरोठ फोरलेन और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने के बाद मंदसौर पहुंचने के लिए इन मार्गों पर यातायात लगातार बढ़ा है। दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की संख्या में वृद्धि के साथ मंदसौर से सीतामऊ मार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं की संख्या भी चिंता का विषय बनी हुई है। दुर्घटनाओं में लोगों की असमय मृत्यु के साथ कई लोग गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं।
डीपीआर के अनुरूप बजट देने की मांग-
पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि बढ़ते यातायात दबाव, सड़क की उपयोगिता और दुर्घटनाओं को देखते हुए दोनों परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने विभाग द्वारा तैयार डीपीआर के अनुरूप पर्याप्त बजट स्वीकृत करने की मांग की, ताकि फोरलेन निर्माण कार्य में गति आए और क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।