उज्जैन। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सितंबर में उज्जैन आ सकते हैं। प्रस्तावित दौरे के दौरान वे उज्जैन संभाग के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और संगठन पदाधिकारियों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में उज्जैन के अलावा रतलाम, शाजापुर, देवास, आगर मालवा, मंदसौर और नीमच जिले के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।
राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे की जानकारी सामने आने के बाद कांग्रेस संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला अध्यक्ष महेश परमार और शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी कार्यक्रम को लेकर रणनीति बनाने में जुटे हैं। हालांकि दोनों नेता फिलहाल कार्यक्रम को लेकर सार्वजनिक रूप से ज्यादा जानकारी देने से बच रहे हैं।
क्षीरसागर या कार्तिक मेला ग्राउंड हो सकता है कार्यक्रम स्थल
राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए उज्जैन के क्षीरसागर और कार्तिक मेला ग्राउंड को संभावित स्थल के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन से जिस स्थान की अनुमति मिलेगी, वहीं कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अनुमति मिलने के बाद कार्यक्रम स्थल पर डोम तैयार किए जाने की योजना है।
प्रस्तावित कार्यक्रम में राहुल गांधी कांग्रेस संगठन की जमीनी स्थिति की जानकारी लेंगे और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे। बैठक में जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी, मंडलम अध्यक्ष व कार्यकारिणी, ग्राम पंचायत अध्यक्ष, बीएलए-2 सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
पंचायत और मंडलम पदाधिकारियों से भी चर्चा
राहुल गांधी पंचायत कमेटी के अध्यक्षों और मंडलम कमेटी के पदाधिकारियों से भी चर्चा करेंगे। इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर बातचीत होने की संभावना है।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, उज्जैन के बाद इसी तरह का कार्यक्रम रीवा संभाग में भी प्रस्तावित है। हालांकि दोनों ही कार्यक्रमों की अंतिम तारीख अभी तय नहीं हुई है।
महाकाल मंदिर में दर्शन की भी संभावना
राहुल गांधी के उज्जैन दौरे के दौरान बाबा महाकाल के दर्शन करने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित बताया जा रहा है। इससे पहले भी राहुल गांधी उज्जैन आकर श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। इस बार वे कार्यक्रम से पहले मंदिर जाएंगे या कार्यक्रम के बाद, इसे लेकर अभी अंतिम निर्णय होना बाकी है।
फिलहाल राहुल गांधी के उज्जैन दौरे की तारीख और कार्यक्रम का अंतिम शेड्यूल तय नहीं हुआ है। कांग्रेस संगठन प्रशासनिक अनुमति और आधिकारिक कार्यक्रम की पुष्टि का इंतजार कर रहा है।