चित्तौड़गढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए कलेक्ट्री चौराहा स्थित जोधपुर ड्राई क्लीनर्स की ओर से इस वर्ष भी निशुल्क सेवा दी जा रही है। इसके तहत स्कूल बच्चों की गणवेश, राष्ट्रीय ध्वज, सरकारी कार्यालयों और सरकारी व निजी स्कूलों में उपयोग होने वाले तिरंगे झंडों के साथ भगवा ध्वज की धुलाई और प्रेस निशुल्क की जा रही है।
मीरा नगर कलेक्ट्री स्थित जोधपुर ड्राई क्लीनर्स के संचालक महेंद्र कनौजिया ने बताया कि उनके दादा और पिता पिछले 55 वर्षों से राष्ट्रीय पर्वों के अवसर पर यह सेवा निशुल्क देते आ रहे हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी 15 अगस्त के अवसर पर लोगों को यह सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
महेंद्र कनौजिया ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय पर्व के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को बढ़ावा देना है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बड़ी संख्या में स्कूलों और सरकारी संस्थानों में तिरंगे लगाए जाते हैं, ऐसे में उनकी साफ-सफाई और सम्मानपूर्वक रखरखाव के लिए यह सेवा दी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इस सेवा के लिए जोधपुर ड्राई क्लीनर्स को 26 जनवरी 2026 को आयोजित जिला स्तरीय समारोह में जिला प्रशासन की ओर से प्रभारी मंत्री के हाथों सम्मानित भी किया जा चुका है। 55 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा इस बार भी स्वतंत्रता दिवस पर जारी है।