पोलायकलां। विद्युत वितरण कंपनी के अंतर्गत आन वाले ग्राम खड़ी में विद्युत मंडल की लापरवाही ग्रामीणों के लिए खतरे का सबब बनी हुई है। गांव के मुख्य मार्ग पर दो विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हालत में खड़े हैं, वहीं कई स्थानों पर बिजली के नंगे तार जमीन से कुछ ही दूरी पर झूल रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्राम खड़ी के मेन मार्ग पर विद्युत व्यवस्था की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत विभाग द्वारा बिजली के बिल तो भारी-भरकम थमा दिए जाते हैं, लेकिन सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर लापरवाही बरती जा रही है। गांव के मुख्य मार्ग पर दो विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इसके अलावा जगह-जगह बिजली के तार नीचे की ओर झूल रहे हैं। सबसे बड़ी चिंता यह है कि इन्हीं मार्गों से स्कूली बसों सहित बड़े वाहनों का लगातार आवागमन होता है। ऐसे में झूलते नंगे तार और जर्जर पोल किसी गंभीर हादसे को न्योता दे रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत लाइन की स्थिति देखकर ऐसा लगता है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। यदि क्षतिग्रस्त पोल गिरता है या कोई व्यक्ति झूलते तारों की चपेट में आता है तो जान-माल का नुकसान हो सकता है।
इस संबंध में ग्राम के रघुनंदन सिंह डोडिया, सरपंच प्रतिनिधि अरुण बामनिया, उपसरपंच भंवरसिंह सोनगरा, राजेंद्र सक्सेना, योगेंद्र डोडिया सहित ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पोलों को तत्काल बदला जाए और नीचे झूल रहे नंगे तारों को व्यवस्थित कर सुरक्षित ऊंचाई पर किया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते विद्युत व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई और भविष्य में कोई बड़ा हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। ग्रामीणों ने विद्युत अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।