देवास। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत देवास में उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सावन की फुहार और देशभक्ति गीतों के बीच जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्कूली विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, खिलाड़ियों और शहरवासियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा श्रीमंत तुकोजीराव पवार स्टेडियम से शुरू होकर भोपाल चौराहा, नाहर दरवाजा, नयापुरा, सुपर मार्केट, जवाहर चौक और मंडी धर्मशाला होते हुए वापस स्टेडियम पहुंचकर समाप्त हुई।
प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभक्ति, एकजुटता और शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से अपने-अपने घरों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराने की अपील की और स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने स्टेडियम परिसर में पौधारोपण भी किया और नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण का आह्वान किया।
यात्रा में विधायक गायत्री राजे पवार, जिला पंचायत अध्यक्ष लीला अटारिया, महापौर गीता अग्रवाल, नगर निगम सभापति रवि जैन, कलेक्टर ऋतुराज सिंह, पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद, नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चे, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, पत्रकार और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए।