नीमच। टेंट, लाइट, कैटरिंग, डीजे एवं फ्लावर इवेंट व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों का जिला एसोसिएशन का वार्षिक सम्मेलन बुधवार को पारसमणी गार्डन में आयोजित किया गया। सम्मेलन में व्यवसायियों की विभिन्न व्यावहारिक एवं प्रशासनिक समस्याओं पर चर्चा की गई। साथ ही आगामी तीन वर्षों के लिए जिला कार्यकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन किया गया।
सम्मेलन में व्यवसायियों ने कारोबार के दौरान सामने आ रही विभिन्न समस्याओं एवं चुनौतियों को प्रमुखता से रखा। प्रदेश पदाधिकारियों ने समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने तथा व्यवसायियों के हितों की आवाज सामूहिक रूप से उठाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में प्रदेश स्तर के 16 पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।
निर्विरोध निर्वाचन में सतीश साहनी को जिला अध्यक्ष, रोहित नरेड़ी को नीमच ब्लॉक अध्यक्ष, सोनू नागदा को जावद ब्लॉक अध्यक्ष तथा तेजकरण मोदी को मनासा ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया। वहीं एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राजेश जायसवाल को प्रदेश समन्वय समिति का सदस्य बनाया गया।
नई कार्यकारिणी के गठन को संगठन की एकजुटता और आपसी समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि टेंट, कैटरिंग, लाइट, डीजे एवं फ्लावर व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों की समस्याओं को संगठित रूप से उठाकर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।