देवास। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवास द्वारा ‘उल्लासकृएक अभिनव प्रयोग’ कार्यक्रम के तहत एडीआर भवन, जिला न्यायालय परिसर में वृहद मेगा हेल्थ चेकअप कैंप आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कपिल मेहता ने किया।
शिविर में न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी, अधिवक्तागण एवं अन्य हितग्राहियों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श किया गया। नेत्र, स्त्री रोग, मेडिसिन, अस्थि रोग, मनोरोग एवं फिजियोथेरेपी सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। जरूरतमंदों को आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
मेगा हेल्थ चेकअप कैंप में कुल 93 लोगों ने पंजीयन कराकर स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ लिया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी, लोक अभियोजन अधिकारी, सहायक लोक अभियोजक एवं न्यायिक कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
‘उल्लास-एक अभिनव प्रयोग’ का उद्देश्य न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य, कल्याण और कार्यक्षमता को बेहतर बनाने के साथ सकारात्मक एवं स्वस्थ कार्य वातावरण तैयार करना है।