नीमच। राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशों के अनुसार पूरे प्रदेश के साथ नीमच जिले में भी एचआईवी एवं एड्स के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए सघन जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिला चिकित्सालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली को जिला एड्स नियंत्रण समिति के नोडल अधिकारी डॉ. जुनैद खान, एआरटी केंद्र प्रभारी डॉ. सतीश चौधरी, डॉ. तनु जैन, डॉ. संगीता भारती एवं डीएमओ अल्पेश बारिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में आशा कार्यकर्ताओं, एआरटी एवं आईसीटीसी केंद्रों के कर्मचारियों, विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों तथा विहान एवं लक्ष्यगत हस्तक्षेप परियोजना से जुड़े स्वयंसेवी संस्थाओं के स्टाफ ने सहभागिता की।
प्रतिभागी हाथों में जागरूकता संदेशों वाली तख्तियां लेकर आमजन को एचआईवी संक्रमण से बचाव, जांच एवं उपचार के प्रति जागरूक करते हुए चले। रैली जिला चिकित्सालय से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः जिला चिकित्सालय पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान जिला चिकित्सालय परिसर में रंगोली सहित विभिन्न जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
12 अगस्त से 12 अक्टूबर तक चलेगा अभियान-
जिला एड्स नियंत्रण समिति के नोडल अधिकारी डॉ. जुनैद खान ने बताया कि राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन के निर्देशानुसार प्रदेश में 12 अगस्त से 12 अक्टूबर तक एचआईवी एवं एड्स के प्रति विशेष सघन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 15 से 49 वर्ष आयु वर्ग के लोगों में एचआईवी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों, समय पर जांच एवं उपचार सहित विभिन्न विषयों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।