नीमच। घर की चारदीवारी में छिपे हुनर को बाजार तक पहुंचाने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से रचना फाउंडेशन के तहत संचालित रचना राइजिंग वूमेंस क्लब की दो दिवसीय एग्जीबिशन का बुधवार को लाइंस डेन में शुभारंभ हुआ। विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने एग्जीबिशन का उद्घाटन किया।
एग्जीबिशन में करीब 35 से 40 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें ज्वेलरी, विभिन्न प्रकार के परिधान, राखियां, बेडशीट, होम डेकोरेशन, प्लांट्स, जड़ी-बूटियां, कॉस्मेटिक्स सहित रोजमर्रा के उपयोग की विभिन्न वस्तुएं उपलब्ध हैं। इन स्टॉल के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पाद एवं हुनर सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।
संस्था अध्यक्ष संध्या नायर ने बताया कि एग्जीबिशन का उद्देश्य केवल खरीदारी का मंच उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि नीमच की महिला प्रतिभाओं को पहचान और बाजार उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से घर से व्यवसाय संचालित करने वाली महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है, ताकि उनके हुनर को व्यापक पहचान मिल सके और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
उद्घाटन अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में रचना फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए आयोजकों एवं प्रतिभागी महिलाओं को शुभकामनाएं दीं।
शाम को होंगे देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम-
12 और 13 अगस्त को आयोजित एग्जीबिशन में शाम के समय देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इससे खरीदारी के साथ आगंतुकों को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
शुभारंभ अवसर पर संगठन की पदाधिकारी स्वीटी खंडेलवाल, सुनीता श्रीवास्तव, पूजा सिंघल, अलका चोपड़ा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहीं।