खरगोन। लगातार हो रही बारिश के बीच बिस्टान नगरीय क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 14 स्थित एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय में बारिश का पानी घुस गया। स्कूल परिसर में जलभराव और कीचड़ के कारण विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं स्कूल के जर्जर भवन को लेकर भी सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बारिश के पानी के कारण विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है। विद्यालय के किचन रूम में भी पानी घुसने से वहां कीचड़ जमा हो गया, जिसके चलते मध्यान्ह भोजन बनाने में परेशानी आई। आनन-फानन में दूसरे कमरे में भोजन बनाने की व्यवस्था करनी पड़ी।
विद्यालय परिसर में कई जगह गंदगी भी पसरी हुई है। ऐसे माहौल में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्कूल भवन की जर्जर स्थिति को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार सागोरे ने बताया कि स्कूल के पिछले हिस्से में स्थित खेतों का पानी बारिश के दौरान विद्यालय परिसर में आ जाता है। उन्होंने बताया कि स्कूल भवन पिछले कई वर्षों से जर्जर हालत में है। इस संबंध में शासन-प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
बारिश के मौसम में जर्जर भवन और जलभराव के बीच बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में यदि कोई हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी, यह बड़ा सवाल है। अब देखना होगा कि खबर सामने आने के बाद जिला प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है।