माकड़ौन। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में हरियाली अमावस्या के अवसर पर माकड़ौन नगर में वृक्ष गंगा अभियान के तहत जागरूकता रैली एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गायत्री परिवार के सदस्यों के साथ शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माकड़ौन की कक्षा 11वीं की देवकन्याओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
देवकन्याएं अपने हाथों में एक-एक पौधा लेकर नगर भ्रमण पर निकलीं और “हरियाली बढ़ाएं, वृक्ष लगाएं” जैसे नारों के माध्यम से नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण एवं अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित किया। इस दौरान लोगों से अपने बच्चों के जन्मदिवस, विवाह दिवस अथवा अपने पितरों की पुण्यतिथि के अवसर पर एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।
रैली का समापन उमिया परिसर में हुआ, जहां पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकेंद्र शर्मा ने पौधारोपण एवं वृक्ष संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल और जंगल के बिना प्रकृति की कल्पना नहीं की जा सकती। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पेड़ों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर युवा जिला प्रभारी मुकेश पाटीदार, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से वरिष्ठ शिक्षकगण महेश कुमार बढ़िया, शरद नाहर, सत्यनारायण बढ़िया, विष्णु प्रसाद सरिया, जयप्रकाश सरिया, मोहनलाल सोनी, रामप्रसाद सरिया, नगजीराम धाकड़, रामस्वरूप बढ़िया सहित गणमान्य नागरिक एवं महिला मंडल की सदस्याएं उपस्थित रहीं।