नीमच। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ के तहत विभिन्न गतिविधियां उत्साहपूर्वक आयोजित की जा रही हैं। अभियान के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों ने तिरंगा थीम पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। वहीं, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशानुसार विभिन्न ग्रामों में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, नवांकुर संस्थाओं एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की सहभागिता से कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालयों में सजी तिरंगा रंगोलियां-
तिरंगा रंगोली गतिविधि में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हायर सेकेंडरी स्कूल कांकरिया तलाई, ताल, सीआरपीएफ नीमच, कन्या मनासा, सरवानिया महाराज, अठाना, अड़मालिया हाई स्कूल, धनेरिया कला, जवासा, झालरी, मोया, रामनगर एवं जूनापानी सहित विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोलियां बनाईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित किया गया।
गांवों में भी तिरंगे का उत्साह-
सरवानिया बोर में नवांकुर संस्था एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के तत्वावधान में स्थानीय चौराहे पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीणों, समिति सदस्यों एवं बच्चों ने सहभागिता की। ग्रामीणों को अभियान के उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी देते हुए घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। ग्राम पंचायत छायन में भी ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया।
नरसिंहपुरा में अभियान का शुभारंभ-
सावन क्षेत्र में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशानुसार नवांकुर संस्था एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति नरसिंहपुरा के तत्वावधान में स्थानीय चौराहे से ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समिति सदस्य शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।
जिले में विद्यालयों से लेकर ग्राम स्तर तक आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। नागरिकों और विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से अभियान में व्यापक जनसहभागिता देखने को मिल रही है।