नीमच। वार्ड क्रमांक 21 की गोपाल गली एवं चूड़ी गली में सीसी रोड का निर्माण कार्य करीब चार माह से अधूरा पड़ा है। सड़क खुदी होने से वार्डवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से काम बंद होने के कारण क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
सावन माह में गोपाल मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं, दर्शन के लिए पहुंचती हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण उन्हें भी परेशानी हो रही है। पार्षद के अनुसार सड़क निर्माण का ठेका लेने वाला ठेकेदार काम अधूरा छोड़कर चला गया, लेकिन नगर पालिका स्तर पर अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई-
वार्ड पार्षद कविता मोनू लोक्स ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू करवाने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा एवं सीएमओ दुर्गा बमनिया को कई बार शिकायत की गई। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के साथ संबंधित अधिकारियों को लिखित पत्र भी दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पार्षद ने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक सीसी रोड का काम शुरू नहीं हुआ तो वार्डवासियों के साथ नगर पालिका पहुंचकर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सद्बुद्धि यज्ञ किया जाएगा।
पार्षद ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की कि अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्य को तत्काल शुरू करवाया जाए और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि वार्डवासियों एवं गोपाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
पार्षद कविता मोनू लोक्स ने कहा-
“वार्ड की जनता ने मुझे अपना प्रतिनिधि चुनकर जिम्मेदारी सौंपी है। वार्ड के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करना मेरा कर्तव्य है। नगर पालिका के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों के पक्षपातपूर्ण रवैये के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिसका खामियाजा वार्डवासियों को भुगतना पड़ रहा है। मैं वार्डवासियों की आवाज को दबने नहीं दूंगी और उनके हक एवं विकास के लिए लगातार संघर्ष करती रहूंगी।”