नीमच। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक तिरंगे के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संकल्प पर्यावरण मित्र संस्था द्वारा ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ जागरूकता अभियान चलाया गया। तेज बारिश के बावजूद पर्यावरण मित्रों ने शहर में तिरंगा लहराते हुए लोगों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की।
जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में मंगलवार, 11 अगस्त 2026 को शाम 5 बजे फव्वारा चौक स्थित सुभाष वाटिका में स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद तिरंगा वाहन रैली निकाली जानी थी। हालांकि, तेज बारिश के कारण वाहन रैली स्थगित कर जागरूकता अभियान चलाया गया।
बारिश में भी गूंजे देशभक्ति के नारे-
पर्यावरण मित्रों ने फव्वारा चौक से ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान का संदेश देते हुए आमजन एवं शहरवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की। इस दौरान ‘इंकलाब जिंदाबाद’, ‘भारत माता की जय’, ‘हर घर तिरंगा फहराएंगे, देश का मान बढ़ाएंगे’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।
तेज बारिश के बावजूद पर्यावरण मित्र अभियान में डटे रहे। नन्हे बालक प्रभव बागड़ी ने भी बारिश में तिरंगा लहराते हुए लोगों का उत्साह बढ़ाया।
तिरंगा राष्ट्र के गौरव का प्रतीक-
संस्था अध्यक्ष किशोर बागड़ी ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, संप्रभुता, शांति, समृद्धि और सद्भावना का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं वीर शहीदों के बलिदान से हमें आजादी मिली है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करे और देश की एकता एवं भाईचारे को मजबूत बनाए।
अभियान में संस्था अध्यक्ष किशोर बागड़ी, संरक्षक इंजीनियर नवीन कुमार अग्रवाल, जगदीश शर्मा, निर्मल देव नरेला, मुरली चांवरिया, सोनू नागर, पर्यावरण प्रेमी गजेंद्र चावला, शेर सिंह सकराना, रमेश धनगर, दिलीप छाजेड़, अशोक सैनी सहित अन्य सदस्य एवं पर्यावरण प्रेमी शामिल हुए। अभियान की जानकारी संस्था के सोनू नागर ने दी।