मुरैना। महिलाओं को आर्थिक रूप से सुदृढ़ एवं स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से लघु उद्योग भारती की महिला इकाई द्वारा तीन दिवसीय सावन मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदोरिया सहित अन्य अतिथियों ने भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदोरिया ने सावन मेले की सराहना करते हुए इसे महिलाओं के लिए रोजगार और स्वावलंबन का बेहतर माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि मेले में अपने उत्पादों की बिक्री के लिए स्टॉल लगाने वाली महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रही हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लघु उद्योग भारती कुटीर के मध्य भारत प्रांत अध्यक्ष सोबरन सिंह तोमर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मीरा बांदिल, लॉयन्स अध्यक्ष मोनिका कंषाना एवं रोटेरियन आनंद गुप्ता मौजूद रहे। लघु उद्योग भारती महिला जिला इकाई अध्यक्ष मीना गुप्ता एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया।
मेले में मुरैना सहित विभिन्न स्थानों से तीन दर्जन से अधिक महिला दुकानदार अपने स्वनिर्मित उत्पाद लेकर पहुंचीं। महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न घरेलू एवं हस्तनिर्मित उत्पादों की बिक्री के लिए स्टॉल लगाए गए हैं। मेले में महिला उद्यमियों के साथ ज्योतिष के क्षेत्र में कार्य करने वाली महिलाएं भी सहभागिता कर रही हैं।
महिला जिला इकाई अध्यक्ष मीना गुप्ता ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करना संस्था का सर्वाेच्च उद्देश्य है। ऐसे आयोजनों से महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों और विक्रय क्षमता का प्रदर्शन करने के साथ-साथ बाजार उपलब्ध कराने का अवसर मिलता है।
मेले में शामिल महिला उद्यमियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि अपने स्वनिर्मित उत्पादों की बिक्री के लिए मिले इस मंच से उन्हें बेहतर अवसर प्राप्त हुआ है। सावन मेला 14 अगस्त तक निरंतर संचालित होगा।