खरगोन। जिले में लगातार हो रही तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर के कई गली-मोहल्लों और कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बन गई है। बारिश के कारण लोगों को घरों में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है, वहीं कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की चिंता बढ़ गई है।
इसी बीच टवड़ी मोहल्ला क्षेत्र से लगे अल्लावाला बंगला क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 3ः30 बजे एक रहवासी मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य मकान के अंदर सो रहे थे। मकान में हलचल होने का पता चलते ही परिवार के लोग घबराकर तुरंत बाहर निकल आए। गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार मेहताब पिता जुबेर का मकान तेज बारिश के बीच अचानक ढह गया। मकान गिरने से घर में रखा गृहस्थी का अधिकांश सामान मलबे में दब गया। मेहताब के रिश्तेदार नौशाद ने बताया कि मकान गिरने के बाद परिवार के सामने बारिश के बीच रहने और भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
लगातार बारिश के चलते शहर में जलभराव के साथ-साथ कमजोर एवं कच्चे मकानों को भी खतरा बना हुआ है। प्रभावित परिवार ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।