झाबुआ। हर घर तिरंगा अभियान के तहत एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नौगावां में राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम बुधवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट सम्मिलित हुए, बारिश के बावजूद विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों में अभियान को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्रता संग्राम के विभिन्न वीर सेनानियों एवं महापुरुषों की वेशभूषा धारण कर उनके योगदान को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया, विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर बलिदानियों के त्याग, संघर्ष और राष्ट्रसेवा का स्मरण किया गया।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि बारिश भी बच्चों के हौसलों और राष्ट्रभक्ति के जज्बे को कम नहीं कर पाई है, स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों एवं महापुरुषों की वेशभूषा में विद्यार्थियों को देखकर प्रसन्नता हुई उन्होंने कहा कि जिन वीरों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की बाजी लगा दी, उनके जीवन और योगदान से नई पीढ़ी को परिचित कराने का यह सराहनीय प्रयास है।
कलेक्टर ने कहा कि नौगावां विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा जिस उत्साह एवं समर्पण के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया है, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य विद्यार्थियों के हाथों में है और उनमें दिखाई दे रही राष्ट्रप्रेम की भावना यह विश्वास दिलाती है कि देश का भविष्य मजबूत हाथों में सुरक्षित है।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का प्रमुख उद्देश्य प्रत्येक भारतीय, चाहे वह छोटा बच्चा हो या बड़ा व्यक्ति, उसके मन में भारतीय होने का गर्व और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत करना है, उन्होंने कहा कि इस वर्ष अभियान को राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की भावना से भी जोड़ा गया है राष्ट्रीय गीत की छह पंक्तियों के माध्यम से इसके गौरव और संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
पूर्व विधायक कलसिंह भाबर ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है तिरंगे की शान प्रत्येक भारतीय को गौरवान्वित करती है उन्होंने सभी नागरिकों से अपने- अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा परिवार के साथ हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। बारिश के बीच भी प्रतिभागियों का उत्साह बना रहा और पूरा वातावरण तिरंगामय एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया। साथ ही अतिथियों द्वारा पौधारोपण किया गया।
इस दौरान जनप्रतिनिधिगण, सहायक कलेक्टर आयुषी बंसल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मेघनगर अवनधती प्रधान, अन्य अधिकारी कर्मचारी, शिक्षक एवं छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे।