मनासा। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से गुरुवार को मनासा नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। रामपुरा नाका से शुरू हुई यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, एसडीएम किरण आंजना, तहसीलदार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी संजय पाटीदार, नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. सीमा अजय तिवारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए।
डीजे पर गूंजते देशभक्ति गीतों और विद्यार्थियों के राष्ट्रभक्ति नारों से पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा का उद्देश्य ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना रहा। विद्यार्थियों में तिरंगा यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
रामपुरा नाका से प्रारंभ हुई यात्रा का नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। तिरंगा यात्रा बड़ा बाजार, सदर बाजार, सब्जी मंडी और पुराना शासकीय चिकित्सालय रोड होते हुए कारगिल चौराहा पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।