झाबुआ। मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार एवं वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के परिपालन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा प्रदेशभर में डेयरी एनालॉग की बिक्री पर प्रतिबंध के संबंध में लगातार कार्रवाई की जा रही है, इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा झाबुआ नगर में डेयरी एवं पनीर विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा सज्जन रोड स्थित श्रीराम दूध डेयरी, अटल परिसर स्थित नाकोड़ा दूध डेयरी तथा शनि मंदिर के पीछे स्थित श्याम पनीर भंडार का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों पर बिक्री के लिए रखे पनीर की मौके पर जांच की गई तथा गुणवत्ता परीक्षण के लिए नमूने लिए गए, लिए गए नमूनों को पनीर की गुणवत्ता एवं यह निर्धारित करने के लिए कि उत्पाद वास्तविक पनीर है अथवा डेयरी एनालॉग, राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।
इसी क्रम में वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशानुसार आजाद चौक स्थित पद्मावती प्रोविजन स्टोर का भी निरीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान से प्योरस्योर घी की कुल 17 लीटर मात्रा जब्त की गई तथा घी का नमूना लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं आम नागरिकों को सुरक्षित और मानक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है साथ ही खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है। उक्त कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल सिंह अलावा एवं वेलसिंह मोरी उपस्थित रहे।