चित्तौड़गढ़। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री एवं मुख्यमंत्री की 16 अगस्त को निंबाहेड़ा में प्रस्तावित यात्रा को लेकर जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने गुरुवार को निंबाहेड़ा पहुंचकर विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने हेलीपैड, मूर्ति अनावरण स्थल एवं मुख्य सभा स्थल पर पहुंचकर तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि प्रस्तावित यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं।
उन्होंने हेलीपैड, सभा स्थल, आवागमन, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
आमजन की सुविधा का रखें विशेष ध्यान-
जिला कलक्टर ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आमजन एवं आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं पुख्ता रखी जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आबकारी अधिकारी उदयपुर प्रभा गौतम, उपखंड अधिकारी विकास पंचोली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।