देवास। विकास नगर में एक बच्चे के जन्मदिन की तैयारी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बाटी बनाने के लिए कंडे जलाते समय मिट्टी के तेल की जगह सैनिटाइजर का इस्तेमाल करना परिवार को भारी पड़ गया। जैसे ही सैनिटाइजर डालकर आग लगाई गई, आग ने अचानक विकराल रूप ले लिया और महिला समेत चार लोग उसकी चपेट में आ गए।
जानकारी के अनुसार, दो वर्षीय विक्रांत सिंह का जन्मदिन मनाया जा रहा था। इसी दौरान हुए हादसे में शालू सिंह, उनके देवर विनय, दो वर्षीय विक्रांत सिंह और आठ माह की मासूम अपर्णा गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मदद करते हुए सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। एमजीएच के डॉक्टर शैलेंद्र वर्मा ने बताया कि चारों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अमलतास अस्पताल रेफर कर दिया गया।
यह हादसा एक बार फिर सावधानी बरतने की सीख दे गया। ज्वलनशील पदार्थों का बिना जानकारी के इस्तेमाल कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।