चित्तौड़गढ़। भदेसर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियार एवं तलवार के साथ फोटो पोस्ट कर उसे वायरल करने वाले 19 वर्षीय युवक को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और सोशल मीडिया निगरानी के आधार पर आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियारों अथवा हथियारनुमा वस्तुओं के साथ फोटो-वीडियो पोस्ट कर आमजन में भय पैदा करने और अपराध का महिमामंडन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा और वृत्ताधिकारी भदेसर विनोद कुमार के सुपरविजन में थानाधिकारी विनोद मेनारिया के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण एवं निगरानी के आधार पर सोशल मीडिया अकाउंट संचालक की पहचान की। इसके बाद कन्नोज निवासी 19 वर्षीय राजू पिता भैरूलाल रैगर को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पर हथियार और तलवार के साथ पोस्ट वायरल की गई थी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियार अथवा हथियारनुमा वस्तुओं का प्रदर्शन करने वाली फोटो-वीडियो या भ्रामक सामग्री पोस्ट, साझा या प्रसारित न करें। आमजन में भय या दहशत पैदा करने वाली सामग्री तथा अपराधियों के महिमामंडन से जुड़ी पोस्ट करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में थाना भदेसर के एएसआई सुनील कुमार, कांस्टेबल राजपाल, मुरलीधर और रतन सिंह तथा सोशल मीडिया सेल के एएसआई सत्यनारायण, कांस्टेबल गोविंद और महिला कांस्टेबल कांता शामिल रहे।