नीमच। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत मेरा युवा भारत नीमच, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा पीएम श्री शासकीय बालक महाविद्यालय क्रमांक-1 के संयुक्त तत्वावधान में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में युवाओं और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
रैली का शुभारंभ पीएम श्री शासकीय बालक महाविद्यालय क्रमांक-1 के प्राचार्य मनोज सर एवं जूडो एसोसिएशन के कोच भारत सिंह कुमावत ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली महाविद्यालय के मुख्य द्वार से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान युवाओं ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘हर घर तिरंगा’ जैसे देशभक्ति नारों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की शपथ ली। रैली के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
रैली का समापन राष्ट्रभक्ति गीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी सौरव श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।