उज्जैन। श्री महाकाल मंदिर के ठीक सामने स्थित वर्षाे पुराने परचुरे भवन पर देर रात प्रशासन और नगर निगम का बुलडोजर गरज उठा। मार्ग चौड़ीकरण की राह में बाधक बन रही इस जी$2 मंजिल और लगभग 1200 स्क्वायर फीट में बनी इमारत को भारी पुलिस बल, जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई महाकाल मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और प्रसिद्ध महाकाल सवारी मार्ग को सुगम बनाने के लिए की गई है। स्मार्ट सिटी परियोजना और नगर निगम जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने देर रात 11 बजे इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया, ताकि भवन मालिक को कानूनी अड़चन या स्टे लेने का अवसर न मिल सके।
उल्लेखनीय है कि रोड चौड़ीकरण और मुआवजे को लेकर यह मामला नवंबर 2021 से यानी बीते 6 वर्षों से हाईकोर्ट में विचाराधीन था। आज हाईकोर्ट द्वारा याचिका डिस्पोज होते ही जिला प्रशासन ने बिना समय गंवाए तत्काल मौके पर पहुंचकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी की। इस मार्ग के चौड़ा होने से श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन मिलेगा और सवारी मार्ग भी पूरी तरह बाधारहित हो सकेगा।