चित्तौड़गढ़। खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘खेलोदय फाउंडेशन’ की ओर से 25 से 29 अगस्त तक ‘खेलोदय खेल जागरूकता महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के तहत राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व को लेकर निबंध प्रतियोगिता, ‘एक खिलाड़ी-एक पौधा’ अभियान, ‘खेलोदय खेल संकल्प अभियान’ एवं ‘खेलोदय-100 खिलाड़ी’ अभियान सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
खेलोदय फाउंडेशन के संस्थापक विवेक वैष्णव, गजेंद्र प्रसाद डोलिया, सुदर्शन बोलिया एवं मनीष जाट ने बताया कि 29 अगस्त को हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इसी उपलक्ष्य में फाउंडेशन द्वारा खेल जागरूकता महोत्सव आयोजित किया जा रहा है।
स्थानीय खिलाड़ियों की प्रेरक कहानियां होंगी संकलित-
महोत्सव के तहत 25 अगस्त को स्थानीय खिलाड़ियों से संपर्क कर उनकी खेल यात्रा एवं प्रेरणादायी कहानियों का संकलन किया जाएगा। निजी विद्यालयों में राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
विद्यालयों में एक घंटे के खेल आयोजन की अपील-
फाउंडेशन के ‘एक घंटा खेल-स्वस्थ जीवन से मेल’ अभियान के तहत निजी विद्यालयों से 29 अगस्त को कम से कम एक घंटे का खेल आयोजन कराने का आग्रह किया जाएगा। विद्यालयों द्वारा आयोजित गतिविधियों के फोटो एवं वीडियो खेलोदय फाउंडेशन के साथ साझा किए जाएंगे, जिन्हें फाउंडेशन की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
खेल सेवकों को मिलेगा सम्मान-
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेलों को प्रोत्साहित करने वाले व्यक्तियों को ‘खेल सारथी सम्मान’ एवं ‘खेल कीर्ति सम्मान’ प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही ‘मैदान में खिलाड़ी-धरती पर हरियाली’ थीम के तहत खिलाड़ियों की सहभागिता से ‘एक खिलाड़ी-एक पौधा’ अभियान भी शुरू किया जाएगा।
100 उभरते खिलाड़ियों की तैयार होगी प्रोफाइल-
फाउंडेशन द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर ‘खेलोदय-100 खिलाड़ी’ अभियान भी शुरू किया जाएगा। इसके तहत जिले के 100 उभरते खिलाड़ियों की पहचान कर उनकी प्रोफाइल तैयार की जाएगी, ताकि उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहन एवं उचित मंच उपलब्ध कराया जा सके। संस्थापक सदस्यों ने बताया कि खेलोदय फाउंडेशन आगामी महीनों में पारंपरिक खेलों के संरक्षण एवं प्रोत्साहन को लेकर भी विभिन्न अभियान चलाएगा।