चित्तौड़गढ़। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं अर्बन बैंक चेयरमैन डॉ. आई.एम. सेठिया को भाजपा का बूंदी जिला संगठन प्रभारी मनोनीत किया गया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने यह नियुक्ति की है। उनके साथ संगठन सहप्रभारी के रूप में राजस्थान प्रदेश युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष अंकित चेची, जयपुर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नियुक्ति पर डॉ. सेठिया ने प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं संगठन महामंत्री अजेय कुमार का आभार व्यक्त करते हुए पार्टी नेतृत्व द्वारा जताए गए विश्वास पर भरोसा जताया।
कई संगठनात्मक दायित्व संभाल चुके हैं डॉ. सेठिया-
डॉ. सेठिया इससे पूर्व भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के साथ चित्तौड़ विभाग संगठन प्रभारी, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा एवं उदयपुर देहात जिला संगठन प्रभारी सहित विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। इसके अलावा वे डूंगरपुर जिला संगठन चुनाव प्रभारी, उदयपुर शहर जन आक्रोश यात्रा प्रभारी तथा बांसवाड़ा एवं आबूरोड जिला परिषद-पंचायत चुनाव प्रभारी भी रह चुके हैं। उन्होंने रावतभाटा, जहाजपुर एवं भिंडर नगर पालिका चुनावों में भी प्रभारी के रूप में दायित्व निभाया है।
21 अगस्त को बूंदी जाएंगे डॉ. सेठिया-
बूंदी जिला संगठन प्रभारी नियुक्त होने के बाद डॉ. सेठिया पहली बार 21 अगस्त को जिला बैठक में शामिल होने बूंदी जाएंगे। इस दौरान वे पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा करेंगे।