चित्तौड़गढ़। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा टीम ने जिले में कार्रवाई शुरू कर दी है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण टी. सुमंगला के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ जिले में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ताराचंद गुप्ता के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा टीम ने सावा स्थित जोगणिया जोधपुर मिष्ठान भंडार से मलाई बर्फी एवं गुलाब जामुन के नमूने लिए। वहीं दिलीप रेस्टोरेंट से पेड़ा, यूज्ड कुकिंग ऑयल एवं गुलाब जामुन के नमूने लिए गए।
खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, उदयपुर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी सीजन में जारी रहेगा अभियान-
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ताराचंद गुप्ता ने बताया कि आगामी रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी के मद्देनजर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जांच एवं कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि जिले में कहीं भी खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा खाद्य गुणवत्ता से संबंधित शिकायत सामने आने पर खाद्य सुरक्षा विभाग के दूरभाष नंबर 01472-245813 पर सूचना दें।