BREAKING NEWS
KHABAR : 113 औद्योगिक एवं अन्य इकाइयों के.. <<     NEWS : सोशल मीडिया पर पिस्टलनुमा लाइटर से.. <<     KHABAR : सद्भावना दिवस पर गूंजा एकता का संदेश,.. <<     MANDI BHAV : एक क्लिक में पढ़े कृषि उपज मंडी मनासा के.. <<     BIG NEWS : खाकी ने किया आछोड़ा लूटकांड का खुलासा,.. <<     खरगोन के कसरावद में आस्था का सैलाब, गोपालपुरा.. <<     NMH-MDS HEADLINES: नीमच-मंदसौर में 7 बड़े अपडेट: चक्काजाम,.. <<     BIG NEWS : केबिनेट मंत्री गोविंद राजपूत पहुंचे.. <<     BIG NEWS : रील में दिखाया हथियार, सोशल मीडिया पर.. <<     KHABAR : मारपीट और धमकी का आरोप, नरवर निवासी ने.. <<     KHABAR : श्रद्धा और भक्ति के साथ निकली कावड़ यात्रा,.. <<     NEWS : 483वें जन्मोत्सव पर सजे राजाधिराज, कल्लाजी.. <<     राष्ट्रीय महासचिव बनने के बाद पहली बार खरगोन.. <<     NEWS : सैनिक स्कूल में अग्नि सुरक्षा एवं.. <<     KHABAR : सरकारी जमीन पर कब्जे और मारपीट का आरोप,.. <<     NEWS : हिंदुस्तान जिंक और एएफआरआई मिलकर.. <<     NEWS : राजीव गांधी जयंती पर कांग्रेसजनों ने.. <<    
वॉइस ऑफ़ एमपी न्यूज़ चैनल में विज्ञापन के लिए..
August 20, 2026, 5:29 pm
NEWS : 483वें जन्मोत्सव पर सजे राजाधिराज, कल्लाजी जन्मोत्सव पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 5100 कमल पुष्पों से हुआ विशेष पूजन, पढ़े रेखा खाबिया की खबर

Share On:-

चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ, निम्बाहेड़ा में श्रावण शुक्ल अष्टमी के अवसर पर गुरुवार को कल्याण नगरी के राजाधिराज श्री कल्लाजी का 483वां जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। जन्मोत्सव के अवसर पर वेदपीठ परिसर में दिनभर धार्मिक आयोजनों की धूम रही और हजारों कल्याण भक्तों ने ठाकुरजी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

प्रातः मंगला दर्शन के साथ 51 द्रव्यों से नमक-चमक विधि द्वारा ठाकुरजी का महारुद्राभिषेक किया गया। इसके बाद ठाकुरजी का मनोहारी श्रृंगार किया गया। सतरंगी फूलों से सजी वेदपीठ पर ठाकुरजी सहित पंचदेवों का आकर्षक श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। श्रावण मास की परंपरा के अनुरूप ठाकुरजी के बाल विग्रह को पालने में विराजित कर वेदपीठ की झांकी को भी भव्य रूप दिया गया।

5100 कमल पुष्पों से विशेष पूजा-अर्चना
ठाकुरजी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर 5100 कमल पुष्पों से विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके अलावा लगभग ढाई क्विंटल गुलाब के पुष्पों से श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की, जिससे पूरा वेदपीठ परिसर गुलाब की सुगंध से महक उठा।

नजरानों से सजा वेदपीठ परिसर-
वीरवर कल्लाजी के जन्मोत्सव पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्वर्ण-रजत आभूषण, मोतियों से जड़े हार, विविध प्रकार के वस्त्राभूषण एवं अन्य श्रृंगार सामग्री अर्पित की। श्रद्धालुओं द्वारा नानाविध मिष्ठान, देवी-देवताओं के चित्र, पुष्पगुच्छ, विभिन्न तीर्थस्थलों से लाया गया पवित्र जल, कैलाश धाम की मिट्टी, विभिन्न प्रकार के इत्र एवं डेढ़ लाख रामनाम की सामग्री सहित अनेक उपहार ठाकुरजी को भेंट किए गए। श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल अर्पित कर जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।

पदयात्रियों ने किए ठाकुरजी के दर्शन-
ठाकुर श्री कल्लाजी के जन्मोत्सव के अवसर पर बिनोता, नयागांव, कन्नौज, पुठौली, शंभूपुरा सहित आसपास के गांवों एवं दूर-दराज क्षेत्रों से कल्याण भक्त बैंड-बाजों के साथ जयकारे लगाते हुए वेदपीठ पहुंचे। वेदपीठ के न्यासियों एवं पदाधिकारियों ने पदयात्रियों की अगवानी की। सांवरियाजी एवं बाबा रामदेव के दर्शन के लिए जाने वाले पदयात्री भी ठाकुरजी के दर्शन करने पहुंचे। वेदपीठ की ओर से इन श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।

150 विद्यालयों में मनाया जन्मोत्सव-
कल्याण नगरी के करीब 150 राजकीय एवं निजी विद्यालयों में भी ठाकुर श्री कल्लाजी का जन्मोत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। वेदपीठ से जुड़े वीर-वीरांगनाओं के समूह विद्यालयों में पहुंचे और विद्यार्थियों को ठाकुरजी के जीवन एवं व्यक्तित्व की जानकारी देते हुए जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं। विद्यार्थियों का मुंह मीठा भी कराया गया।

प्रमुख चौराहों पर श्रद्धालुओं का किया स्वागत-
जन्मोत्सव के अवसर पर वीर-वीरांगनाओं ने नगर के प्रमुख चौराहों पर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। श्रद्धालुओं को ठाकुरजी के जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुंह मीठा कराया गया। दूर-दराज से आए कल्याण भक्तों ने भी ‘जय श्री कल्याण’ के अभिवादन के साथ एक-दूसरे को जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

क्षमापना पर्व के रूप में मनाया जन्मोत्सव-
वेदपीठ की परंपरा के अनुसार पिछले दो दशकों से ठाकुर श्री कल्लाजी का जन्मोत्सव क्षमापना पर्व के रूप में भी मनाया जाता है। इसी परंपरा के तहत हजारों कल्याण भक्तों ने एक-दूसरे से क्षमा याचना करते हुए ठाकुरजी के जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। आधुनिक संचार माध्यमों के जरिए भी कल्याण भक्तों ने दूर-दराज रहने वाले मित्रों एवं रिश्तेदारों को शुभकामनाएं भेजीं तथा वर्षभर में हुई गलतियों एवं भूलों के लिए क्षमा याचना की।

भजनों से गूंजता रहा वेदपीठ परिसर-
जन्मोत्सव के अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक पंडित प्रहलाद कृष्ण शर्मा एवं उनके साथियों ने सुबह से देर रात तक ठाकुरजी के मनोहारी भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों की स्वर लहरियों से पूरा वेदपीठ परिसर भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भजनों पर भाव-विभोर नजर आए।

गौमाता को भोग, अभ्यागतों को भोजन व वस्त्र भेंट
जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में वेदपीठ की ओर से कल्याण गौशाला में गौमाता को लापसी का भोग लगाया गया। अन्य गौशालाओं में भी गायों को हरा चारा खिलाया गया। पक्षियों के लिए दाना तथा चींटियों के लिए आहार की व्यवस्था कर प्राणीमात्र के प्रति सेवा एवं करुणा का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अभ्यागतों को मिष्ठानयुक्त भोजन एवं वस्त्र आदि भेंट कर ठाकुरजी के जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दी गईं।

VOICE OF MP
एडिटर की चुनी हुई ख़बरें आपके लिए
SUBSCRIBE