चित्तौड़गढ़। जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) एवं पुलिस थाना शंभूपुरा की संयुक्त टीम ने सोशल मीडिया पर पिस्टलनुमा लाइटर से फायरिंग का वीडियो बनाकर पोस्ट करने और धमकी भरे अंदाज में आमजन में भय का माहौल पैदा करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट से संबंधित पोस्ट हटवाकर आरोपी को भविष्य में इस तरह की पोस्ट नहीं करने के लिए पाबंद किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा एवं पुलिस उप अधीक्षक भदेसर विनोद कुमार लेखरा के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी शंभूपुरा धर्मराज मीणा के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
जिला विशेष टीम प्रभारी एएसआई सूरज कुमार को सूचना मिली कि मनोहर पिता भंवरलाल भील, निवासी रघुनाथपुर, थाना शंभूपुरा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग करते हुए वीडियो पोस्ट किया है। वीडियो में धमकी भरे अंदाज में आमजन में भय उत्पन्न करने का प्रयास किया गया था।
सूचना के बाद पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण एवं सोशल मीडिया निगरानी के आधार पर अकाउंट संचालक की पहचान की। इसके बाद आरोपी मनोहर भील को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार पिस्टलनुमा लाइटर था। पुलिस ने संबंधित पोस्ट हटवाकर आरोपी को भविष्य में इस तरह की सामग्री सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं करने तथा आमजन में भय का माहौल पैदा नहीं करने के लिए पाबंद किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में मारपीट एवं एनडीपीएस एक्ट से संबंधित प्रकरण भी दर्ज हैं।
पुलिस टीम की भूमिका-
डीएसटी टीम में एएसआई सूरज कुमार, राजकुमार (साइबर सेल), कांस्टेबल रामअवतार, अरविन्द कुमार, कृष्णकांत, अशोक कुमार, जगदीश, देवेंद्र, सुरेश सुंडा, रामकेश एवं वीरेंद्र शामिल रहे। वहीं थाना शंभूपुरा टीम में थानाधिकारी धर्मराज मीणा, एएसआई कुंदन सिंह एवं कांस्टेबल रामकिशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।