नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में गुरुवार को सद्भावना दिवस के अवसर पर शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं छात्राओं को सद्भावना दिवस की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा सभी के साथ प्रेम, सौहार्द और समानता का व्यवहार करने का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का दिया संदेश-
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सांप्रदायिक सद्भाव, सामाजिक समरसता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करना रहा। वक्ताओं ने कहा कि आपसी प्रेम, सम्मान और सद्भाव से ही समाज में एकता एवं शांति का वातावरण कायम किया जा सकता है।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की कार्यक्रम अधिकारी प्रो. निशा जटिया सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी, बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक छात्राएं एवं अन्य छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के मार्गदर्शन एवं सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।