चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ परिसर में गुरुवार को अग्नि सुरक्षा एवं जागरूकता को लेकर विशेष मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आग लगने जैसी आपात परिस्थितियों में सुरक्षित एवं प्रभावी तरीके से प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित करना था। मॉक ड्रिल स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया एवं उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल के निर्देशन में आयोजित हुई।
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि अग्निशमन स्टेशन चित्तौड़गढ़ की टीम ने आग लगने की विभिन्न परिस्थितियों का व्यावहारिक प्रदर्शन कर विद्यार्थियों एवं स्टाफ को अग्नि सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमार, सहायक अग्निशमन अधिकारी महेंद्र, फायरमैन जितेंद्र सिंह, फायर चालक देवी लाल रेगर एवं फायरमैन कमलेश जाट ने लकड़ी के ढेर में आग लगाकर उसे नियंत्रित करने और बुझाने का लाइव प्रदर्शन किया। इस दौरान दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने में उपयोग किए जाने वाले उपकरणों एवं तकनीकों की जानकारी भी दी।
गैस सिलेंडर और शॉर्ट सर्किट से आग से बचाव की जानकारी-
मॉक ड्रिल के दौरान सामान्य आग, गैस सिलेंडर से लगने वाली आग तथा विद्युत शॉर्ट सर्किट से उत्पन्न आग की स्थिति में बचाव के उपायों का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल सुरक्षित कदम उठाएं और आवश्यकता पड़ने पर दमकल विभाग को सूचना दें।
विद्युत शॉर्ट सर्किट की स्थिति में बिजली की मुख्य आपूर्ति सुरक्षित तरीके से बंद करने, पानी का उपयोग नहीं करने तथा उपयुक्त अग्निशमन यंत्र का इस्तेमाल करने की जानकारी दी गई। गैस सिलेंडर से आग लगने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने, आसपास के लोगों को सतर्क करने और प्रशिक्षित तरीके से आग पर नियंत्रण पाने के उपाय समझाए गए।
प्रयोगशालाओं में विशेष सावधानी बरतने पर जोर-
स्कूल की प्रयोगशालाओं में आग लगने की संभावनाओं को देखते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विशेष सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया गया। ज्वलनशील पदार्थों, विद्युत उपकरणों एवं प्रयोगात्मक सामग्री के सुरक्षित उपयोग के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
दमकल अधिकारियों ने आग लगने की स्थिति में भवन से सुरक्षित बाहर निकलने, निर्धारित निकासी मार्गों का उपयोग करने और भीड़भाड़ से बचने के उपाय भी बताए। विद्यार्थियों ने अग्नि सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका दमकल अधिकारियों ने जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। इस अवसर पर सैनिक स्कूल का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।