शिवपुरी। जिले की पिछोर तहसील के ग्राम मंगगुली से एक गंभीर मामला सामने आया है। जहां सरकारी जमीन पर वर्षों से रह रहे गरीब परिवार ने कुछ लोगों पर जबरन कब्जा करने, मारपीट करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
पीड़ित परिवार का कहना है कि वह पिछले करीब 30 - 40 वर्षों से सरकारी भूमि पर झोपड़ी और कुटीर बनाकर रह रहा है और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। करीब 20 से 25 दिन पहले जहार जाटव, उसका बेटा महेन्द्र जाटव और परिवार की कुछ महिलाएं वहां पहुंचीं और कुटीर के सामने बने कमरे में जबरदस्ती सामान रखकर कब्जा करने का प्रयास किया।
पीड़ितों का आरोप है कि इस दौरान पीड़ित परिवार और उनके परिजनों के साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई और जमीन व कुटीर खाली करने का दबाव बनाया गया साथ ही उन्हें धमकी दी गई कि अगर उन्होंने जगह खाली नहीं की, तो उन्हें झूठे मामले में फंसा दिया जाएगा।
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, मारपीट और धमकी के आरोपों पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।