खरगोन। भगवान भोलेनाथ की भक्ति और आस्था से ओत-प्रोत वातावरण के बीच खरगोन जिले के कसरावद के गोपालपुरा में लगातार तीसरे वर्ष कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया। गोपालपुरा सरपंच देवराम यादव के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने शालिवाहन से गोपालपुरा तक कावड़ यात्रा निकाली। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया।
श्रद्धालुओं ने विधि-विधान और धार्मिक आस्था के साथ कावड़ में पवित्र जल धारण कर भगवान शिव का अभिषेक करने के संकल्प के साथ यात्रा प्रारंभ की। कावड़ यात्रियों के साथ ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। यात्रा के दौरान भक्ति गीतों, भजनों और भगवान भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता रहा वही खरगोन रोड़ सांई मंदिर में सल्पहार करवाया गया।इस अवसर पर सरपंच देवराम यादव ने कहा कि सनातन धर्म में कावड़ यात्रा का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है।
भगवान शिव की आराधना, जलाभिषेक और श्रद्धा के साथ की जाने वाली यह यात्रा भक्तों को धर्म, आस्था और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि लगातार तीन वर्षों से कावड़ यात्रा आयोजित होने से क्षेत्र में धार्मिक वातावरण मजबूत हुआ है तथा ग्रामीणों में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भाव की भावना भी बढ़ी है।