चित्तौड़गढ़। जिला स्पेशल टीम (चोरी निरोधक टीम) और कोतवाली थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महिलाओं के जेवर लूटने तथा मंदिरों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने राजस्थान और मध्यप्रदेश में 30 से अधिक वारदातें करना स्वीकार किया है। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड में पहले से कई मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरोह द्वारा रात के समय घरों में घुसकर महिलाओं के पैरों से चांदी के कड़े और हाथों के जेवर लूटने के साथ मंदिरों से चांदी के छत्र, मूर्तियां, दानपात्र और अन्य सामान चोरी किया जाता था।
वृद्ध दंपती से लूट के बाद पुलिस ने कसा शिकंजा-
13 अगस्त 2026 को आछोड़ा गांव निवासी नानूलाल रैगर ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी थी कि मध्यरात्रि में 3-4 बदमाश घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। बदमाशों ने उनके माता-पिता को धमकाकर बंधक बनाया और उनकी 75 वर्षीय मां के हाथों व पैरों से चांदी के जेवर जबरन उतार लिए। आरोपियों ने लोहे के औजारों की मदद से पैर के कड़े निकालने के साथ मोबाइल और घड़ी भी लूट ली।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना कोतवाली और डीएसटी की विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर हाईवे तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पूर्व में इसी तरह की वारदातों में शामिल संदिग्धों का रिकॉर्ड जुटाया।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से गिरोह तक पहुंची पुलिस-
पुलिस टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई समान वारदातों का डाटा जुटाकर उसका विश्लेषण किया। संदिग्ध बदमाशों की गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। पुलिस के अनुसार, गिरोह के कुछ सदस्य अपने स्थायी ठिकानों पर नहीं रहते थे और तंबू लगाकर लगातार स्थान बदलते रहते थे। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस ने गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखी और तीन आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
राजस्थान और मध्यप्रदेश में 30 से अधिक वारदातों का खुलासा-
पूछताछ में आरोपियों ने चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, राजसमंद सहित मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के जेवर लूटने और मंदिरों में चोरी की 30 से अधिक वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस को पूछताछ में अन्य घटनाओं के भी खुलासे की उम्मीद है।
प्रारंभिक रूप से जिन वारदातों का खुलासा हुआ है, उनमें पारसोली के सुखपुरा में महिला के टॉप्स लूटना, आछोड़ा में वृद्ध दंपती से चांदी के कड़े व जेवर लूटना, मानपुरा माइंस क्षेत्र में महिला के जेवर लूटना, बड़ीसादड़ी के बोहेड़ा में घर में सो रही महिला के टॉप्स व नथ लूटना तथा चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन से महिला का मादलिया लूटना शामिल है।
इसके अलावा भीलवाड़ा के लाडपुरा, बडलियास, सवाईपुर और कोटड़ी क्षेत्र के मंदिरों से चांदी के छत्र, दानपात्र की नकदी व अन्य सामान चोरी करने की वारदातों का भी खुलासा हुआ है। प्रतापगढ़ के धरियावद में देवनारायण मंदिर से करीब 1.5 लाख रुपये नकद और चांदी का छत्र चोरी करने तथा मध्यप्रदेश के सिगोली क्षेत्र में घर से चांदी के कड़े, पायजेब, हाथ के कंगन और नकदी चोरी करने की वारदात भी पूछताछ में सामने आई है।
तीन आरोपी गिरफ्तार-
पुलिस ने मामले में कालू पिता सुखा कालबेलिया, उम्र 40 वर्ष, निवासी कालीछांट थाना गंगरार, तेजपाल उर्फ तेजु पिता मिठ्ठूलाल कालबेलिया, निवासी तेजाजी मंदिर के पास, घाटी मोहल्ला, पारसोली तथा सुरेश पिता प्रभुलाल कालबेलिया, निवासी गोराजी का निम्बाहेड़ा थाना कपासन, हाल केकड़ी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार कालू के खिलाफ मंदिरों में चोरी और महिलाओं के जेवर लूटने के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं सुरेश के खिलाफ भी मंदिरों में चोरी एवं महिलाओं के जेवर लूटने सहित छह प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।
पूछताछ जारी, और वारदातों के खुलासे की उम्मीद-
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों, सहयोगियों और चोरी के माल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है। मामले में अनुसंधान जारी है।