शिवपुरी। नरवर थाना क्षेत्र के निवासी पुष्पेंद्र जाटव ने अपने परिवार के साथ पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर न्याय, निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है। पीड़ित ने कुछ लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
पुष्पेंद्र जाटव के अनुसार, वह अपने पुत्र को दवाई दिलाने के लिए करीब शाम 7 बजे जा रहा था। इसी दौरान लोढ़ी माता मंदिर के सामने उसकी बहनों अनामिका जाटव, कल्लो जाटव और अरविन्द जाटव ने कथित तौर पर कुछ लोगों को बुलाकर उसके साथ मारपीट करवाई। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान उसे धमकी दी गई कि यदि उसने उनके बारे में किसी से बात की तो उसके लिए ठीक नहीं होगा।
पुष्पेंद्र ने बताया कि घटना की शिकायत उसने नरवर थाने में की। आरोप है कि इसके बाद रंजीत रावत और उसके साथियों ने उसके साथ गाली-गलौज की तथा झूठे मामले में फंसाकर जेल भेजने और उसे व उसके परिवार को नहीं छोड़ने की धमकी दी।
पीड़ित परिवार का कहना है कि इन घटनाओं के कारण वे भयभीत हैं और उन्हें भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका है। इसी को लेकर पुष्पेंद्र जाटव ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
हालांकि, आवेदन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।