आंतरी माता। सावन के पावन अवसर पर जय भोले मित्र मंडल आंतरी माता जी के तत्वावधान में लगातार चौथे वर्ष भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया। रविवार, 23 अगस्त को निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कावड़ यात्रा की शुरुआत सुबह 10 बजे आंतरी माता जी पंचायत के पास स्थित बालाजी मंदिर से हुई। इसके बाद यात्रा प्रतापपुरा, खजुरी, जैतली, आंबा खेड़ी और छोटी आंतरी होते हुए अनुनाद की मढ़ी पहुंची।
पूरे यात्रा मार्ग में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। धार्मिक माहौल और भक्तिमय वातावरण से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया।
आयोजकों के अनुसार, यात्रा के समापन अवसर पर छोटी आंतरी गांव स्थित श्री 1008 अनुनाद जी की मढ़ी पर विशेष आयोजन रखा गया। यहां विधिवत रूप से कावड़ यात्रा का समापन हुआ।
जय भोले मित्र मंडल की ओर से आयोजित इस धार्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया।