प्रतापगढ़। अरनोद क्षेत्र के फरेडी फंटा पर रविवार को निजी बस और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अरनोद चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार मृतकों में मध्यप्रदेश के जावरा क्षेत्र के रिंगणोद थाना इलाके के बन्नवाड़ा निवासी सुनील जायसवाल और उनकी सास शामिल हैं। हादसे में सुनील जायसवाल की पत्नी प्रियम जायसवाल गंभीर घायल हुई हैं। उनके साथ कार में सवार एक लड़का और एक लड़की भी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने निजी वाहनों की मदद से घायलों को अरनोद चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर सभी घायलों को प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही तहसीलदार देवहिंग, थाना अधिकारी शिवलाल मीणा और गिरदावर निलेश बैरागी सहित पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और घायलों को समय पर उपचार दिलाने के लिए ग्रामीणों के साथ मिलकर प्रयास किए।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद फरेडी फंटा पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। दो लोगों की मौत और बच्चों सहित तीन लोगों के गंभीर घायल होने से क्षेत्र में शोक का माहौल है।